22.6 C
Mandlā
Tuesday, October 14, 2025
The viral
Home Blog Page 9

वर्तमान समय में शिक्षा सबसे बड़ा आभूषण है – मंत्री श्री सिंह

जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के मुख्य आतिथ्य में आज मानस भवन में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा द्वारा युवक-युवति परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंत्री श्री सिंह ने युवक-युवति परिचय सम्मेलन को समय की आवश्यकता बताते हुये कहा कि यह एक ऐसा पुष्प है जिसकी सुगंध से पूरा समाज महकता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि दहेज की विषाक्तता पर सभी चिंता करें ताकि दांपत्य जीवन प्रभावित न हो सके। उन्होंने कहा कि हमारी प्राचीन परंपराओं में दहेज कभी नहीं था और हम भावी पीढ़ी को भी दहेज मुक्त का संदेश दें सकें, इसके लिए स्वयं को पहले तैयार करना होगा। समाज में दहेज एक बड़ी कुरीति के रूप में है लेकिन अब इसके दुस्प्रभाव से लोग परिचित है और उसके खिलाफ जा रहे हैं। आधुनिक समय में इस तरह के सम्मेलन होते रहे और समाज में एकजुटता स्थापित हो, पहले भी यदि क्षत्रिय समाज में एकजुटता होती, तो विदेशी आक्रांता नहीं आते। उन्होंने कहा कि क्षत्रियों का एक गौरवशाली इतिहास है। पहले क्षत्रियों का आभूषण अस्त्र-शस्त्र हुआ करता था लेकिन आज के समय सबसे बड़ा आभूषण शिक्षा है अत: शिक्षा के प्रति विशेष ध्यान दें ताकि भविष्य उज्जवल हो सके। इस अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित समाज के वरिष्ठ जन मौजूद थे।

मंत्री श्री सिंह ने कटंगा फ्लाई ओवर का लोकार्पण कर जबलपुर को दी बड़ी सौगात

जबलपुर। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने आज कटंगा फ्लाई ओवर का लोकार्पण कर जबलपुर को बड़ी सौगात दी। श्री सिंह ने सांसद आशीष दुबे, राज्य सभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकी, विधायक द्वय अशोक रोहाणी एवं डॉ. अभिलाष पांडे सहित सभी आमंत्रित अतिथियों के साथ फीता काटकर गोरखपुर- कटंगा क्रासिंग पर सदर से ग्वारीघाट मार्ग स्थित 15 करोड़ 89 लाख रूपये से निर्मित इस फ्लाई ओव्हर पर आवागमन की शुरूआत की।

लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि केंट एवं पश्चिम विधानसभा को जोड़ने वाले इस फ्लाई ओव्हर को केंट विधायक श्री अशोक रोहाणी की मांग पर स्वीकृत किया गया था। उन्होंने कहा कि विकास एक लंबी प्रक्रिया है जिसकी शुरुआत संकल्प से होती है, लंबे संघर्ष, निरंतर प्रयास और तन्मयता से यह सिद्धि तक पहुंचता है। लोक निर्माण मंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद नागरिकों को जबलपुर की विकास यात्रा से अवगत भी कराया। श्री सिंह ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण, आईटी पार्क, प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाई ओव्हर, रिंग रोड, मेडिकल में स्थित सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल को जबलपुर लाने के लिए उनके द्वारा किये गये अथक प्रयासों की जानकारी दी। उन्होने कहा कि डुमना मार्ग में स्थापित किया गया फूड्स क्राफ्ट संस्थान भी युवा रोजगार का एक बड़ा माध्यम है। स्टीमर से बरगी बांध की अथाह जलराशि को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग आते हैं जिसे लाने के प्रयास का जिक्र किया।

मंत्री श्री सिंह ने 118 किलोमीटर लंबी देश की दूसरी सबसे लंबी रिंगरोड पर निर्मित होने वाले दो लॉजिस्टिक पार्क और आइकॉनिक ब्रिज पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जबलपुर से अमरकंटक तक नेशनल हाइवे भी बनाया जाएगा। वाराणसी की तरह पर अंपायर से सदर गोरखपुर होते हुए गौरीघाट तक एवं सिविक सेंटर से बलदेवबाग होते हुए दमोह नाका तक बन रहा रोपवे तंत्र शीघ्र ही जिले के ट्रांसपोर्ट सिस्टम का हिस्सा होगा। उन्होंने कहा कि विकास की यात्रा यहां नहीं रुकेगी, परिवहन को ठीक करने के लिए जबलपुर को फ्लाईओवर की श्रंखला की आवश्यकता है। मंत्री श्री सिंह ने केंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पैंटीनाका एवं उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत निर्मित होने वाले दो फ्लाईओवर के शीघ्र भूमिपूजन की जानकारी सभा में उपस्थित नागरिकों को दी। उन्होंने सरयू के घाटों की तर्ज पर मां नर्मदा के घाटों को विकसित करने की योजना दो माह के भीतर तैयार की करने की जानकारी भी दी। मंत्री श्री सिंह ने कहा विकास की गति तभी तीव्र होती है जब गाड़ी के सभी पहिए तेज गति से आगे बढ़ते हैं। जबलपुर विकसित महानगर बनने के लिए तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। यह परिवर्तन जनता के आशीर्वाद की ताकत है।

सांसद आशीष दुबे ने कहा कि कटंगा फ्लाईओवर के उद्घाटन का दिन जबलपुर के लिए ऐतिहासिक है। यह जबलपुर जो कभी विकास की राह देखता था आज विकास कार्यों की अनवरत वर्षा का साक्षी बन रहा है। महानगर का रूप धारण करते हुए जबलपुर को अब भव्यता देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के नेतृत्व में विकास कार्यों में तेजी आई है। चार नए फ्लाईओवर का निर्माण शहर में होने जा रहा है। श्री दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के लिए जबलपुर विकास के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण स्थान रखता है। उन्होंने जनता को विकास के पंखों का आधार बताते हुए उसके प्रति भी आभार भी व्यक्त किया।

राज्यसभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा बाल्मीकि ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शहरवासियों के लिए फ्लाईओवर पहले एक सपना मात्र था। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की इच्छाशक्ति इस स्वप्न को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हुई है। कटंगा फ्लाईओवर का लोकार्पण तो एक शुरुआत है, विकास के और भी आयामों की स्थापना होते हुए यहां की जनता को देखना है। श्रीमती बाल्मीकि ने भविष्य में जबलपुर औद्योगिक क्षेत्र की दिशा में भी अपनी एक नई पहचान बनाने का विश्वास भी जताया।

इस अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि केंट और जबलपुर पश्चिम विधानसभाओं को जोड़ने वाला यह सेतु विकास की गति में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि मंत्री श्री सिंह के नेतृत्व में एक वर्षों में इतनी बड़ी संख्या में होने वाले लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रमों ने इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। जबलपुर को विकास की दौड़ में अन्य महानगरों से आगे ले जाने के लिए सभी लोग कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा निर्मित प्रदेश का सबसे बड़ा राष्ट्रीय ध्वज, स्वच्छता, वायु प्रदूषण में कमी जैसे विभिन्न आयामों की सभी जगह सराहना हो रही है। साथ ही कहा नगर निगम जबलपुर के विकास के लिये तेजी से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत का दुनिया में अलग स्थान है।

विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि पहले जबलपुर को सीमित राशि से ही संतुष्ट होना पड़ता था लेकिन अब यहां विकास कार्यों के लिए अरबों रुपए की वर्षा होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डॉ मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में जबलपुर विकास की दिशा में नए आयाम स्थापित कर रहा है। जबलपुर की बदलती हुई तकदीर और तस्वीर जनता के आशीर्वाद और सभी कार्यकर्ताओं के संघर्ष का परिणाम है। श्री रोहाणी ने विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए मंत्री श्री सिंह का आभार भी व्यक्त किया और भविष्य में शहर को विकास क्षेत्र में अनेकों सौगातें मिलने का विश्वास भी जताया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. अभिलाष पांडे, नगर निगम के अध्यक्ष रिकुंज विज, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष प्रभात साहू, ग्रामीण अध्यक्ष सुभाष तिवारी रानू, हरेंद्र जीत सिंह बब्बू, जी एस ठाकुर, कमलेश अग्रवाल, राममूर्ति मिश्रा, रत्नेश सोनकर, अभय सिंह , कौशल सूरी, पंकज दुबे, आशीष राव, रूपा राव, अल्का गर्ग, अंजू भार्गव, रजनीश यादव, दामोदर सोनी आदि गणमान्य नागरिक उपस्थित थे वहीं कलेक्टर दीपक सक्सेना, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। 

निवेश प्रोत्साहन केंद्र में नेशनल एमएसएमई क्लस्टर आउटरीच प्रोग्राम का हुआ सीधा प्रसारण

उद्योग संघो के प्रतिनिधि रहे मौजूद

जबलपुर। कलेक्टर कार्यालय स्थित निवेश प्रोत्साहन केंद्र में आज शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से नेशनल एमएसएमई क्लस्टर आउटरीच कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस बैंगलुरु में आयोजित इस कार्यक्रम को केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सितरामन, केंद्रीय मंत्री एमएसएमई जीतनराम मांझी ने संबोधित किया। कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के दौरान निवेश प्रोत्साहन केंद्र में चैंबर ऑफ कॉमर्स मध्यप्रदेश के उपाध्यक्ष हिमांशु खरे, मिष्ठान्न एवं नमकीन क्लस्टर के अध्यक्ष कैलाश साहू, मिष्ठान नमकिन ट्रेडर संघ के अध्यक्ष हेमराज अग्रवाल, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र विनीत रजक तथा उद्योग संघो के पदाधिकारी एवं बैंको के अधिकारी मौजूद रहे। नेशनल एमएसएमई क्लस्टर आउटरीच कार्यक्रम के वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण जिला अग्रणी बैंक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा किया गया। 

एकादशी से माँ नर्मदा जी की पंचचौकी महाआरती का शुभारंभ किया जाएगा – कलेक्टर सोमेश मिश्रा

पंचचौकी महाआरती समिति में दस समाजसेवी 1.51 लाख रूपए जमा कर संरक्षक सदस्य बनें

नर्मदा नदी के महिष्मति घाट में पंचचौकी महाआरती 12 नवंबर से प्रारंभ होगी

मंडला। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि देवउठनी एकादशी 12 नवंबर से माँ नर्मदा नदी के महिष्मति घाट में पंचचौकी महाआरती प्रारंभ की जाएगी। महाआरती आयोजन के लिए संपूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। पंचचौकी महाआरती के आयोजन के लिए ट्रस्ट का निर्माण कर खाता खोला गया है। ट्रस्ट द्वारा खोले गए खाते में कोई भी नागरिक दान स्वरूप राशि जमा कर सकता है। उक्त राशि पंचचौकी महाआरती आयोजन में व्यय की जाएगी। उन्होंने बताया कि पंचचौकी महाआरती का संचालन के लिए बनाए गए ट्रस्ट में कोई भी नागरिक एक लाख 51 हजार रूपए जमा कर संरक्षक सदस्य बन सकता है। उक्त संरक्षक सदस्य को जिला शांति समिति में भी सदस्य बनाया जाएगा। 21 हजार रूपए जमा करने वाले व्यक्ति को अस्थाई सदस्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी सामाजिक संगठनों के अध्यक्ष भी इस समिति में सदस्य बन सकेंगे। कलेक्टर सोमेश मिश्रा शनिवार को जिला योजना भवन में माँ नर्मदा नदी की पंचचौकी महाआरती के आयोजन के संबंध में आयोजित बैठक में समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष भीष्म द्विवेदी, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, नगरपालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर आकिप खान, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, व्यापारीगण, श्रद्धालु और पत्रकारगण मौजूद थे।   

            कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने आयोजित बैठक में निर्देशित किया कि पंचचौकी महाआरती ट्रस्ट के बैंक खाते में अपनी स्वेच्छानुसार राशि दान कर सकते हैं। जिसके तहत स्थाई सदस्य के रूप में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, पत्रकार नीरज अग्रवाल और संजय तिवारी, उमाशंकर सिंधिया, मनोज भागवानी, अविनाश जैन, किशोर कल्पिवार रितेश अग्रवाल और गनी खान ने संरक्षक सदस्य बनने के लिए एक लाख 51 हजार रूपए जमा किए। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि पंचचौकी महाआरती का लाईव टेलीकास्ट किया जाएगा। इस दिन चुनरी एवं कलश यात्रा निकाली जाएगी। घाट की साफ-सफाई और पुताई कराई जा रही है। महिष्मति घाट नामकरण का पत्थर व बोर्ड लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महिष्मति घाट की दीवारों में वॉलपेंटिंग कराई जाएगी। स्थानघाट एवं भोजनघाट अलग-अलग स्थापित किए जाएंगे। पंचचौकी महाआरती स्थल में पुताई एवं प्रकाश का प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रसादी का भी प्रबंध किया जाएगा। महिष्मति घाट में साबुन से स्नान करने वालों पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार से महिष्मति घाट में कपड़े धोने वालों पर भी दण्ड अधिरोपित किया जाएगा। महिष्मति घाट में वाहन धोने वालों पर भी कार्यवाही की जाएगी। 

            कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बताया कि 14 और 15 नवंबर को मंडला में दो दिवसीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। गौरव दिवस के अवसर पर जिले में वीर नायकों की गौरव गाथा, खेल प्रतियोगिता, गोंडी पेंटिंग एवं लोकनृत्य आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गौरव दिवस कार्यक्रम में मिलेट फेस्टिवल, रोड शो और शासन की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएंगी। नुक्कड़-नाटक का आयोजन कर शासन की योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। गौरव दिवस के कार्यक्रम में मंडला जिले की लोक संस्कृति, लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। गौरव दिवस के अवसर पर नर्मदा नदी के घाटों की साफ-सफाई व रंग रोगन कर उनका सौन्दर्यीकरण किया जाएगा। इस कार्य में जिले के जनप्रतिनिधि, विभाग, एनजीओ, जन अभियान परिषद, व्यापारी संघ तथा जिले के नागरिकों को शामिल किया जाएगा। मंडला जिले के परंपरागत खेल खोखो, पिट्टू का खेल, रस्साकसी, गिल्ली डंडा इत्यादि को शामिल किया जाएगा। विभागों के द्वारा झाकियाँ निकाली जाएगी, स्टॉल लगाए जाएंगे, कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, कत्थक नृत्य के कार्यक्रम भी होंगे।

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने पंचचौकी महाआरती हेतु अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

मंडला। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने 12 नवंबर 2024 को महिष्मति घाट (रपटा घाट) में शाम 6 बजे से नमामि नर्मदे पंचचौकी महाआरती की संपूर्ण व्यवस्था के लिए अनुविभागीय अधिकारी मंडला श्रीमती सोनल सिडाम को नोडल अधिकारी नियुक्त करने के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के मुताबिक कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था हेतु पीआईयू मंडला, मुख्य नगरपालिका अधिकारी मंडला, अनूप नामदेव, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, कपिल तिवारी परियोजना अधिकारी जिला पंचायत की ड्यूटी लगाई गई है। साज-सज्जा एवं कलश यात्रा हेतु रोहित बड़कुल उपसंचालक महिला एवं बाल विकास विभाग, मुख्य नगरपालिका अधिकारी मंडला, अनूप नामदेव, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, कपिल तिवारी परियोजना अधिकारी जिला पंचायत, रंजीत गुप्ता विकासखंड शिक्षा अधिकारी और जन अभियान परिषद। फ्लेक्स बेनर हेतु एसडीएम मंडला और मुख्य नगरपालिका अधिकारी मंडला। सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस अधीक्षक मंडला, थाना प्रभारी थाना कोतवाली मंडला और रक्षित निरीक्षक मंडला। विद्युत व्यवस्था हेतु अधीक्षण यंत्री म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि. मंडला। सफाई व्यवस्था हेतु मुख्य नगरपालिका मंडला और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मंडला। पेयजल व्यवस्था हेतु कार्यपालन यंत्री पीएचई और मुख्य नगरपालिका अधिकारी मंडला। पार्किंग स्थल का चयन एवं व्यवस्था हेतु एसडीएम मंडला, नायब तहसीलदार बम्हनी कैलाश कोल अतिरिक्त तहसीलदार मंडला और थाना प्रभारी थाना यातायात मंडला। प्रसाद वितरण व्यवस्था हेतु जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी मंडला तथा चिकित्सा व्यवस्था हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मंडला एवं सिविल सर्जन मंडला की ड्यूटी लगाई गई है।

आबकारी विभाग के द्वारा 2 लाख 12 हजार 750 रुपए की मदिरा जब्त की गई

मंडलाकलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी रामजी पांडेय के मार्गदर्शन में वृत मण्डला में गोंझी सहत्रधारा नर्मदा नदी के किनारे मदिरा के अवैध निर्माण/विक्रय करने वाले अड्डों पर दबिश की कार्यवाही की गई। जिसमें मदिरा निर्माण के विभिन्न अड्डों से 200 डब्बे महुआ लहान का जप्त किया गया। इस दौरान 85 लीटर कच्ची शराब भी जप्त की गई। जप्त मदिरा एवं लहान की कीमत 2 लाख 12 हजार 750 रुपए है। आबकारी बल के द्वारा चार अड्डों पर कार्यवाही की गई और आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। आबकारी बल को देखकर आरोपी घटना स्थल से भाग गए। कार्यवाही में उपनिरीक्षक गिरिजा धुर्वे, सर्वेश नागवंशी हमराह सहित विभागीय अमला मौजूद था।

 कमिश्नर जबलपुर अभय वर्मा ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मंडला में सेल्फी ली

मंडला कमिश्नर जबलपुर संभाग अभय वर्मा ने गुरूवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मंडला में स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेल्फी प्वाइंट में प्राचार्य श्री यूएस उलाड़ी के साथ में सेल्फी ली। इस अवसर पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, प्राचार्य आरएस उलाड़ी, बीआरसी अनादि वर्मा उपस्थित थे।

महिष्मति घाट में पंचचौकी महाआरती 12 नवंबर से प्रारंभ होगी

            कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि देवउठनी एकादशी 12 नवंबर से महिष्मति घाट माँ नर्मदा नदी में पंचचौकी महाआरती का प्रारंभ किया जाएगा। यह महाआरती प्रतिदिन सायंकाल 6 बजे से आयोजित होगी। महाआरती आयोजन और व्यवस्था के लिए एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम को नोडल आधिकारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि पंचचौकी महाआरती के आयोजन के लिए ट्रस्ट का निर्माण कर खाता खोला गया है। ट्रस्ट द्वारा खोले गए खाते में कोई भी नागरिक दान स्वरूप राशि जमा कर सकता है। उक्त राशि पंचचौकी महाआरती आयोजन में व्यय की जाएगी। उन्होंने बताया कि पंचचौकी महाआरती में जिले के सभी जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, श्रद्धालु और नागरिक शामिल हो सकेंगे। उन्होंने आयोजित बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचचौकी महाआरती ट्रस्ट के बैंक खाते में अपनी स्वेच्छानुसार राशि दान कर सकते हैं।

मंडला जिले में 14 और 15 नवंबर को गौरव दिवस मनाया जाएगा

गौरव दिवस में वीरनायकों की गौरव गाथा, खेल प्रतियोगिता, गोंड़ी पेंटिंग और लोक नृत्य आयोजित होंगे

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने की गौरव दिवस के आयोजन की समीक्षा

मंडला। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि 14 और 15 नवंबर को मंडला जिले में दो दिवसीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। गौरव दिवस के अवसर पर जिले में वीर नायकों की गौरव गाथा, खेल प्रतियोगिता, गोंडी पेंटिंग एवं लोकनृत्यों का आयोजन किया जाएगा। गौरव दिवस कार्यक्रम में विभागों के द्वारा शासन की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। कलेक्टर सोमेश मिश्रा सोमवार को जिला योजना भवन में आयोजित बैठक में मंडला गौरव दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, एसडीएम घुघरी सीएल वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

            कलेक्टर ने कहा कि गौरव दिवस कार्यक्रम में मिलेट फेस्टिवल, रोड शो और शासन की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएंगी। नुक्कड़-नाटक का आयोजन कर शासन की योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। गौरव दिवस के कार्यक्रम में मंडला जिले की लोक संस्कृति, लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। गौरव दिवस के अवसर पर नर्मदा नदी के घाटों की साफ-सफाई व रंग रोगन कर उनका सौन्दर्यीकरण किया जाएगा। इस कार्य में जिले के जनप्रतिनिधि, विभाग, एनजीओ, जन अभियान परिषद, व्यापारी संघ तथा जिले के नागरिकों को शामिल किया जाएगा। मंडला जिले के परंपरागत खेल पर आधारित जनजाति मंडला ओलम्पिक का आयोजन किया जाएगा। मंडला जिले के स्थानीय खेल खोखो, रस्साकसी, गिल्ली डंडा इत्यादि को शामिल किया जाएगा। गौरव दिवस के अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन और मंडला जिले की भौगोलिक स्थिति, ऐतिहासिक महत्व के स्थल, संस्कृति, रीति रिवाज एवं परंपराओं पर आधारित कार्यक्रम होंगे।

प्रधानमंत्री उन्नत ग्राम अभियान के अंतर्गत जनजातीय क्षेत्रों में विकास और उन्नति के कार्य किए जाएंगे – कलेक्टर सोमेश मिश्रा

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने की प्रधानमंत्री उन्नत ग्राम अभियान और वनाधिकार अधिनियम अंतर्गत वन ग्रामों में सामुदायिक पट्टे वितरण की समीक्षा

मंडला। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री उन्नत ग्राम अभियान के अंतर्गत मंडला जिले के 716 जनजाति क्षेत्रों के गांवों के विकास हेतु शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, बिजली, पानी और आजीविका के क्षेत्रों को बढ़ावा दिया जाएगा। इस अभियान के तहत जनजाति क्षेत्रों के गांवों में विकास और उन्नति के कार्य किए जाएंगे। जनजाति क्षेत्रों के गांवों को पीएम गति शक्ति पोर्टल पर मैप कराना होगा। उन्होंने सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों को प्रधानमंत्री उन्नत ग्राम अभियान योजना के अंतर्गत निर्धारित समय सीमा में प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर सोमेश मिश्रा शुक्रवार को जिला योजना भवन में प्रधानमंत्री जनजाति उन्नत ग्राम अभियान की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा, संयुक्त कलेक्टर अरविंद कुमार सिंह, एसडीएम घुघरी सीएल वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

            कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत जनजाति क्षेत्रों में बहुउद्देश्यीय विपणन केन्द्र बनाए जाएंगे। जनजाति क्षेत्रों के आवासीय विद्यालयों में सुधार किया जाएगा। स्वास्थ्य केन्द्र बनाए जाएंगे। जनजाति क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम स्टे बनाए जाएंगे। जनजाति क्षेत्रों में आंगनवाड़ी केन्द्र, आयुष्मान कार्ड, छात्रावास, आश्रम शाला, बिजली, पानी, सड़क, जल जीवन मिशन, पोषण वाटिका का निर्माण व प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान में केन्द्र सरकार के 17 मंत्रालय/विभाग अपनी सेवाओं/सुविधाओं से जनजातीय समुदाय को जोड़कर इनके विकास में अतिरिक्त सक्रियता से कार्य किए जाएंगे। इस अभियान में ग्रामीण विकास, जलशक्ति, विद्युत, नवीन और नवकरणीय ऊर्जा, लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस, महिला और बाल विकास, शिक्षा, आयुष, कौशल विकास और उद्यमिता, इलेक्ट्रानिक्स विकास और सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि और किसान कल्याण, पंचायती राज, पर्यटन तथा जनजातीय कार्य मंत्रालय सहित दूरसंचार, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी विभाग को अपनी विभागीय सेवायें देने शामिल किया गया है।

सामुदायिक पट्टे हेतु प्रस्तुत प्रस्तावों की समीक्षा की गई:-

            कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने आयोजित बैठक में वनाधिकार अधिनियम के अंतर्गत वन ग्रामों में सामुदायिक पट्टों के वितरण कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक वनग्रामों के लिए सामुदायिक वनाधिकार पट्टे जारी करने की कार्यवाही की जाए। जिससे वन क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को शमशान घाट, हाट बाजार, रास्ते, गोठान, खेल के मैदान, चारागाह जैसे सार्वजनिक स्थानों के लिए सामुदायिक पट्टे जारी किए जा सकें। उन्होंने कहा कि इसके लिए विभागीय अमला, पटवारी, बीडगार्ड सहित निर्धारित प्रस्ताव ग्राम पंचायत में जमा करें। जिससे इसके बाद वनाधिकार सामुदायिक पट्टे वितरण के संबंध में अग्रिम कार्यवाही की जा सके। उन्होंने कहा कि सामुदायिक वनाधिकार पट्टे के संबंध में कितने आवेदन प्राप्त हुए इस संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। जिन स्थानों में वनाधिकार अधिनियम के तहत सामुदायिक पट्टों के आवेदन पत्र प्राप्त नहीं हुए हैं, ऐसे वन ग्रामों से आवेदन पत्र आमंत्रित कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि वनाधिकार अधिनियम अंतर्गत वनग्रामों में सामुदायिक पट्टे वितरण का कार्यक्रम विधिवत रूप से संपन्न कराया जाए। उक्त कार्य में लापरवाही बरतने पर अधिकारियों के विरूद्ध निलंबन की कार्यवाही की जाएगी।

error: Content is protected !!