29.8 C
Mandlā
Sunday, March 15, 2026
Homeमध्यप्रदेशजिला प्रशासन के दल ने की एप्पल हॉस्पिटल की जाँच बिना रजिस्ट्रेशन...

जिला प्रशासन के दल ने की एप्पल हॉस्पिटल की जाँच बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहा था अस्पताल (जबलपुर समाचार)

नये मरीजों को भर्ती करने पर लगाई रोक राजस्थान मिष्ठान्न भंडार का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के लिये सेंपल

व्यावसायिक इकाईयों, प्रतिष्ठानों, होटल, रेस्टारेंट, निजी अस्पताल एवं नर्सिंग होम, मेडिकल स्टोर्स एवं शैक्षणिक संस्थानों में नियमों का पालन कराने जिला प्रशासन द्वारा गठित किये गये जांच दलों में से आज रविवार को कुंडम एसडीएम मोनिका बाघमारे के नेतृत्व में गठित दल ने बेदी नगर गढ़ा स्थित निजी अस्पताल एप्पल हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। जांच दल ने बिना रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस के चल रहे इस हास्पिटल में नये मरीजों को भर्ती करने पर रोक लगा दी है। निरीक्षण के दौरान इस अस्पताल में कोई चिकित्सक भी मौजूद नहीं था। जाँच दल में सीएसपी गढ़ा देवेंद्र प्रताप सिंह, स्वास्थ्य विभाग से डॉ नवीन कोठारी एवं अन्य विभागों के अधिकारी भी शामिल थे। एसडीएम कुंडम मोनिका बाघमारे के मुताबिक निरुक्षण के दौरान एप्पल हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा जांच दल के समक्ष स्वास्थ्य विभाग द्वारा रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका। रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस नहीं होने के बावजूद यहाँ मरीजों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के समय हॉस्पिटल में कोई चिकित्सक भी मौजूद नहीं था। नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारी ही भर्ती मरीजों का उपचार करते पाये गये। मापदंडों के विपरीत अस्पताल के आईसीयू में भी बिस्तर पास-पास लगे थे। अस्पताल का ट्रांसफॉर्मर भी बंद पाया गया और इलेक्ट्रिकल सेफ्टी सर्टिफिकेट भी नहीं था। अस्पताल के अंदर विद्युत वायरिंग भी प्रॉपर गेज की नहीं पाई गई। इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था भी इस हॉस्पिटल में नहीं है। एसडीएम कुंडम के अनुसार रजिस्ट्रेशन नहीं होने तथा अन्य कमियों को देखते हुये हॉस्पिटल प्रबंधन को यहाँ भर्ती मरीजों को स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से अन्य अस्पतालों में शिफ्ट करने के निर्देश दिये गये। साथ ही लायसेंस प्राप्त होने तक नये मरीजों को भर्ती नहीं करने की हिदायत भी अस्पताल प्रबंधन को दी गई है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान ही हॉस्पिटल से संलग्न मेडिकल स्टोर की भी जाँच की गई। जाँच में दस्तावेज न पाये जाने पर औषधि विभाग द्वारा इसे सील कर दिया गया। एसडीएम कुंडम ने बताया कि एप्पल हॉस्पिटल के बाद जाँच दल द्वारा मदन महल स्थित राजस्थान मिष्ठान्न भंडार का निरीक्षण भी किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावट की आशंका पर यहाँ से खोवा, खाद्य रंग, मिक्स फ्रूट जेम के सैंपल लिये गये। परीक्षण हेतु इन्हें राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है। राजस्थान मिष्ठान्न भंडार से ब्रेड, पिज्जा बेस और पाव के 25 पैकेट जप्त किये गये हैं। 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!