31.2 C
Mandlā
Friday, June 26, 2026
Homeमध्यप्रदेशचौराहे पर सीसीटीवी, पुलिस गश्त… फिर भी मंदिर में चोरी!

चौराहे पर सीसीटीवी, पुलिस गश्त… फिर भी मंदिर में चोरी!

महाराजपुर के बजरंग बली मंदिर की दानपेटी तोड़कर नगदी व दान सामग्री ले उड़े चोर, 11 दिन पहले संतोषी माता मंदिर भी बना था निशाना



द वायरल। मण्डला। जिले के महाराजपुर उपनगर में धार्मिक स्थलों पर चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बजरंग चौक स्थित प्रसिद्ध बजरंग बली मंदिर का है, जहां 24 जून की रात अज्ञात चोरों ने मंदिर की दानपेटी तोड़कर उसमें रखी नगदी एवं श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई दान सामग्री चोरी कर ली। घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस को अवगत कराया गया, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।बजरंग चौक महाराजपुर का सबसे व्यस्त चौराहा माना जाता है, जहां दिन-रात लोगों की आवाजाही रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां नियमित पुलिस गश्त होती है और चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। इसके बावजूद चोरों का बेखौफ होकर मंदिर में चोरी कर निकल जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।स्थानीय नागरिकों के अनुसार यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले चार-पांच महीनों में इसी मंदिर में तीन से चार बार चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। हर बार पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका। इससे लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
सबसे बड़ी बात यह है कि 11 जून 2026 को भी महाराजपुर थाना परिसर के समीप स्थित संतोषी माता मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। उस मामले के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे, लेकिन इसके बावजूद चोरों ने एक बार फिर मंदिर को निशाना बनाकर पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी।लगातार धार्मिक स्थलों पर हो रही चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में आक्रोश और असुरक्षा की भावना है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो असामाजिक तत्वों के हौसले और बुलंद होंगे। क्षेत्रवासियों ने पुलिस अधीक्षक मंडला से मांग की है कि दोनों मंदिर चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा किया जाए, आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए तथा जिले के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी, प्रभावी गश्त और सीसीटीवी की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!