18.7 C
Mandlā
Sunday, November 8, 2026
Home Blog Page 595

जान की बाजी लगाकर बचाई करंट से जान….

ऊर्जा मंत्री, एमडी और कलेक्टर ने की युवाओं की सूझबूझ की तारीफ

भोपाल। पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के तहत सोनकच्छ कस्बे में रेशम केंद्र की बारबेड फैंसिंग में फैले लीकेज करंट से सोनकच्छ निवासी सत्यम पिता अशोक को भयानक करंट लगा और वे चिपक गए। इसी दौरान मौके से गुजर रहे युवा फरहान पठान और श्री केतन राठौर ने सूझबूझ और साहस का परिचय दिया और स्वयं को करंट से बचाते हुए आईसोलेट तरीके से सत्यम को कुछ सेकंड में ही फैंसिंग में फैले करंट से दूर कर दिया। इसके बाद प्राथमिक उपचार कर उसकी जान बचाई। इस तरह दो युवाओं द्वारा जोखिम उठाकर तत्परता से की गई मेहनत से तीसरे युवा की जान बच गई। साहसी युवा फरहान और केतन की ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) अमित तोमर, देवास के कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने तारीफ की है। कलेक्टर श्री गुप्ता ने सोमवार को टी.एल. बैठक के दौरान दोनों ही साहसी युवाओं फरहान पठान और केतन राठौर को कलेक्टर कार्यालय ससम्मान बुलाया और सम्मानित किया।

विद्युत वितरण कंपनी के देवास अधीक्षण यंत्री डॉ. डीएन शर्मा ने बताया कि यदि कुछ सेकंड दोनों ही युवा तत्परता नहीं दिखाते और सत्यम को करंट से अलग नहीं करते तो उसकी जान जा सकती थी। डॉ. शर्मा ने बताया कि मौके पर पंद्रह लोग एकत्र थे, लेकिन मात्र दो युवा फरिश्ते के रूप में फैले करंट के बीच पहुंचे और पांच सेकंड में पीड़ित को अलग कर उसकी जान बचाई।

error: Content is protected !!