किसान धनंजय पटेल मछली पालन कर बनेगा समृद्ध किसान
मंडला। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बुधवार को ग्राम पंचायत जंतीपुर विकासखंड मंडला में किसान धनंजय पटेल के मछली उत्पादन हेतु निर्मित बायोफ्लाक इकाई का निरीक्षण किया। किसान धनंजय पटेल को मत्स्य विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से लाभान्वित किया गया है। वह इस योजना के माध्यम से मछली बीज का उत्पादन और मछली पालन कर रहा है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने किसान धनंजय पटेल के खेत में जाकर मछली बीज उत्पादन और मछली पालन का अवलोकन किया। उन्होंने इस अवसर पर बायोफ्लाक पोण्ड लाईनर और बागवानी के संबंध में जानकारी प्राप्त की। किसान धनंजय पटेल के लिए मत्स्य पालन को बढ़ावा देने हेतु स्थानीय स्तर पर मार्केटिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मत्स्य पालन विभाग को मार्केटिंग के संबंध में कार्यवाही करना होगा। जिससे किसान धनंजय पटेल एक समृद्ध किसान बन सके। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांश कूमट, तहसीलदार मंडला अजय श्रीवास्तव सहित कृषि एवं मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी मौजूद थे।