Site icon The Viral Patrika

अवैध होर्डिंग बनी मौत का जाल: उदय चौक में गिरी 20×30 की विशाल फ्लेक्स, युवक गंभीर घायल, नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल


मंडला। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र उदय चौक में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां लगी एक कथित अवैध 20×30 फीट की विशाल फ्लेक्स होर्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान जगदीश केवट के रूप में हुई है, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना दोपहर लगभग 1:30 से 2:00 बजे के बीच हुई। तेज आवाज के साथ गिरी भारी-भरकम होर्डिंग सीधे जगदीश केवट के ऊपर आ गिरी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। चिकित्सकों के अनुसार उनके सिर में करीब 12 से 16 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उन्हें जिला अस्पताल के वार्ड क्रमांक 38 में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर में लंबे समय से बिना वैधानिक अनुमति के बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग निर्माण कार्य चल रहा है और उसी के समीप स्थित दीवार के ऊपर यह भारी-भरकम होर्डिंग खड़ी की गई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 2 से 3 क्विंटल वजनी इस होर्डिंग को पर्याप्त तकनीकी सुरक्षा और मजबूत सपोर्ट के बिना खड़ा कर दिया गया था। ऐसे में मामूली दबाव या हवा के झोंके के कारण भी हादसे की आशंका बनी हुई थी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि घटना के कई घंटे बाद तक भी कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शाम 6 बजे तक न तो नगर पालिका प्रशासन का कोई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचा और न ही होर्डिंग लगाने वाले व्यक्ति अथवा संस्था की पहचान सार्वजनिक की गई। इतना ही नहीं, गिरी हुई होर्डिंग भी लंबे समय तक घटनास्थल पर ही पड़ी रही।
इस घटना के बाद नगर पालिका की कार्यप्रणाली और शहर में अवैध होर्डिंगों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नागरिकों ने मांग की है कि शहर में लगे सभी बड़े होर्डिंगों की तत्काल जांच कराई जाए और बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंगों को हटाकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Exit mobile version